डेहरी ऑन सोन नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की डेहरी ऑन सोन से पटना लौटते समय रास्ते में हत्या कर दी गई। यह अत्यंत दुखद और निंदनीय घटना है।
किसी व्यक्ति के साथ किसी की व्यक्तिगत दुश्मनी हो सकती है। कई प्रकार के मनमुटाव और विवाद भी हो सकते हैं, लेकिन किसी की हत्या कर देना किसी भी दुश्मनी का समाधान नहीं हो सकता।
एक व्यक्ति के साथ उसके पूरे परिवार की जिम्मेदारियां जुड़ी होती हैं। आज एक वीडियो के माध्यम से उनके छोटे-छोटे बच्चों को देखकर मन बहुत आहत हुआ। सहज ही समझा जा सकता है कि जिनकी हत्या हुई, उनके एक बेटे और एक बेटी, जिनकी उम्र अभी बहुत कम है, वे अपने पिता को खोने का कितना बड़ा दुख झेल रहे होंगे।
एक पत्नी की पीड़ा भी उस वीडियो में साफ दिखाई दे रही थी। जिस महिला के सिर से उसके पति का साया उठ गया हो, उसके सामने जीवन की कितनी बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। यह बात उन लोगों को भी समझनी चाहिए जिन्होंने इस हत्या को अंजाम दिया है।
आज ऐसा लगता है कि कुछ लोगों के भीतर मानवता समाप्त होती जा रही है। एक इंसान दूसरे इंसान की जान लेने पर उतारू है। यदि किसी के साथ किसी भी प्रकार का विवाद या द्वेष है, तो उसके समाधान के लिए कानून है, न्याय व्यवस्था है और समाज में अपनी बात रखने के कई वैधानिक तरीके हैं। लेकिन किसी की हत्या कर देना सबसे जघन्य अपराध है। समाज में इस प्रकार की घटनाएं किसी भी कीमत पर नहीं होनी चाहिए।
खबरों के अनुसार, कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार एक श्रद्धांजलि सभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए थे। वहां से पटना लौटते समय रास्ते में उनकी गाड़ी का पीछा कर उसे रुकवाया गया। इसके बाद चालक को अपने कब्जे में लेकर कार्यपालक पदाधिकारी पर हमला किया गया। बताया जा रहा है कि उन पर धारदार हथियार से भी हमला किया गया। यह घटना अत्यंत दुखद, दुर्भाग्यपूर्ण और समाज को झकझोर देने वाली है।

रवि शंकर तिवारी एक आईटी प्रोफेशनल हैं। जिन्होंने अपनी शिक्षा इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी स्ट्रीम से प्राप्त किए हैं। रवि शंकर तिवारी ने डॉ एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी लखनऊ से एमबीए की डिग्री प्राप्त किया हैं।