परमानपुर के परमानंद नगर स्थित निर्माणाधीन श्री त्रिदंडी स्वामी डिग्री महाविद्यालय में प्रस्तावित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम निर्माण परियोजना को लेकर शुक्रवार को टोपोग्राफिकल सर्वे किया गया। निर्माण कार्य से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन लिमिटेड (IRFC) द्वारा महाविद्यालय में प्रस्तावित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सर्वे का कार्य कंपनी के निदेशक मुकेश नारायण सिन्हा के नेतृत्व में तकनीकी टीम द्वारा संपन्न किया गया।
सर्वे के दौरान निर्माण स्थल की भौगोलिक एवं स्थलाकृतिक स्थिति, भूमि के स्तर, माप, ढाल तथा अन्य आवश्यक तकनीकी पहलुओं का विस्तृत अध्ययन किया गया। सर्वे से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर वैज्ञानिक एवं तकनीकी मानकों के अनुरूप ऑडिटोरियम का विस्तृत इंजीनियरिंग डिज़ाइन तैयार किया जाएगा। इसके उपरांत परियोजना की तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रस्तावित अत्याधुनिक ऑडिटोरियम के निर्माण से महाविद्यालय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, सेमिनार, कार्यशालाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के आयोजन के लिए आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे भविष्य में विद्यार्थियों के शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं व्यक्तित्व विकास को नई दिशा एवं गति मिलेगी तथा क्षेत्र में उच्च शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
वहीं स्थानीय ग्रामीण एवं कॉलेज के सपने को साकार करने में अहम योगदान देने वाले छोटेलाल तिवारी ने बताया कि पूज्य श्री जीयर स्वामी जी की कृपा से गांव में डिग्री कॉलेज का वर्षों पुराना सपना अब साकार होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के निर्माण एवं आधुनिक ऑडिटोरियम की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज नहीं जाना पड़ेगा। यह संस्थान आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित करेगा तथा पूरे क्षेत्र के सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

रवि शंकर तिवारी एक आईटी प्रोफेशनल हैं। जिन्होंने अपनी शिक्षा इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी स्ट्रीम से प्राप्त किए हैं। रवि शंकर तिवारी ने डॉ एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी लखनऊ से एमबीए की डिग्री प्राप्त किया हैं।