श्री त्रिदंडी स्वामी डिग्री कॉलेज, परमानंद नगर का जल्द होगा उद्घाटन

पीरो अनुमंडल अंतर्गत परमानंद नगर, परमानपुर में बन रहे सरकारी श्री त्रिदंडी स्वामी डिग्री कॉलेज का उद्घाटन जून महीने में होने की पूरी संभावना है। बिहार सरकार द्वारा राज्य के 211 प्रखंडों में 1 जुलाई 2026 से डिग्री कॉलेजों में पढ़ाई शुरू करने की घोषणा की गई है। जिसके तहत पूरे बिहार में डिग्री कॉलेजों के निर्माण कार्य एवं उद्घाटन की प्रक्रियाओं में तेजी लाई गई है।

बिहार सरकार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के द्वारा जून महीने के अंत तक बिहार के कई प्रखंडों में बन रहे सरकारी डिग्री कॉलेजों के उद्घाटन की प्रबल संभावना जताई जा रही है। वहीं, परमानंद नगर में बन रहे सरकारी डिग्री कॉलेज में दो भवनों का निर्माण किया जा रहा है। जिसमें कार्यालय उपयोग हेतु बनाए जा रहे भवन का कार्य लगभग पूरा हो चुका है, जबकि दूसरे भवन, जिसका उपयोग शैक्षणिक गतिविधियों के लिए किया जाएगा, उसका निर्माण कार्य भी तेजी से जारी है।

ऐसी संभावना जताई जा रही है कि जून महीने तक शेष कार्यों को पूरा कर लिया जाएगा। जिसके लिए निर्माण कार्यों में तेजी लाई गई है। सरकार द्वारा भी जांच की गतिविधियां को तेज कर दी गई हैं तथा विभाग से जुड़े पदाधिकारी एवं अधिकारी लगातार कॉलेज के निर्माण कार्यों का जायजा ले रहे हैं, ताकि तय समय पर कॉलेज का उद्घाटन किया जा सके।

बिहार सरकार के अंतर्गत बन रहे श्री त्रिदंडी स्वामी डिग्री कॉलेज का संचालन वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय, आरा के अंतर्गत किया जाएगा। इस कॉलेज के उद्घाटन का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा है। परमानपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में कॉलेज के उद्घाटन की खबर से लोगों में काफी हर्ष और उत्साह का माहौल है।

गांव के सुदूर इलाकों में डिग्री कॉलेज की स्थापना से विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में काफी सहायता मिलेगी। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों के लिए स्नातक स्तर की शिक्षा प्राप्त करना और भी सुलभ हो जाएगा।

Leave a Comment